#कानपुर समाचार
कानपुर में निकाली गई डॉ. अम्बेडकर धम्म चेतना रैली, 2 अक्टूबर को होगा विशाल बौद्ध धम्म दीक्षा समारोह
*न्यूज इंडिया नेटवर्क कानपुर ब्यूरो | राजीव वर्मा*
कानपुर। भारतीय दलित पैंथर कानपुर नगर इकाई के तत्वावधान में रविवार को डॉ. बाबा साहब अम्बेडकर प्रतिमा स्थल, कम्पनी बाग चौराहा नवाबगंज से डॉ. अम्बेडकर धम्म चेतना वाहन जुलूस/रैली का आयोजन किया गया। रैली में चार पहिया, तीन पहिया तथा सैकड़ों दोपहिया वाहनों के साथ भारी संख्या में अम्बेडकर अनुयायियों ने भाग लिया।
यह रैली कम्पनी बाग चौराहा से प्रारम्भ होकर आर्यनगर चौराहा, स्वरूप नगर, मोतीझील, ईदगाह, बकरमंडी, चुन्नीगंज, लाल इमली, परेड चौराहा, बड़ा चौराहा होते हुए नानाराव पार्क स्थित डॉ. अम्बेडकर प्रतिमा स्थल फूलबाग पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भारतीय दलित पँथर प्रान्तीय अध्यक्ष पैंथर धनीराम बौद्ध ने सभी को संबोधित करते हुए बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कृषि मण्डी समिति पुखरायां, कानपुर देहात में 32वां विशाल बौद्ध धम्म दीक्षा समारोह एवं अम्बेडकर मेला 2 अक्टूबर 2025 को आयोजित होगा। इसमें महान सम्राट रावण, अशोक सम्राट, तथागत गौतमबुद्ध एवं डॉ. बाबा साहब अम्बेडकर की शोभा यात्रा निकाली जाएगी तथा लगभग दस हजार लोग बौद्ध धम्म की दीक्षा ग्रहण करेंगे।
प्रान्तीय सचिव एडवोकेट विजय सागर ने जानकारी दी कि मेले में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व आईपीएस बी.पी. अशोक, मुख्य वक्ता के रूप में मा. हृदय लाल मौर्या (वरिष्ठ अधिवक्ता, उच्च न्यायालय प्रयागराज) तथा अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. बिलास खरात (मुम्बई) करेंगे। विभिन्न प्रदेशों से आने वाले लगभग 20 हजार लोगों की उपस्थिति की संभावना है। रात्रि में डॉ. अम्बेडकर पर आधारित नाट्य मंचन एवं विचार गोष्ठी का भी आयोजन होगा।
धम्म चेतना रैली में प्रमुख रूप से यशवंत सिंह यादव, अशोक यादव, विक्रम सिंह पमपम, चरण सिंह यादव, साजिद सर, पास्टर जितेन्द्र सिंह, इं. कोमल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
*बाइट - भारतीय दलित पँथर प्रान्तीय अध्यक्ष पैंथर धनीराम बौद्ध*

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ