Type Here to Get Search Results !

बिना अनुमति प्रदर्शन पर सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा....


 #कानपुर नगर


*बिना अनुमति प्रदर्शन पर सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा*



*कानपुर ब्यूरो न्यूज़ इंडिया नेटवर्क| राजीव वर्मा*



अरौल (कानपुर), शनिवार।

बंद पड़े कोठी गंगा घाट को दोबारा खुलवाने की मांग को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने अरौल क्षेत्र में बिना प्रशासनिक अनुमति के प्रदर्शन किया। प्रशासन की रोक के बावजूद कार्यकर्ता मैदान में जुटे और पदयात्रा निकालने की तैयारी करने लगे। इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 11 नामजद व लगभग 150 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


तीन साल से बंद है घाट


कोठी गंगा घाट को तीन वर्ष पूर्व सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया था। दरअसल, घाट पर हुई एक भीषण दुर्घटना में छह श्रद्धालुओं की डूबकर मौत हो गई थी। तब से श्रद्धालुओं को स्नान के लिए समीपवर्ती आंकिन घाट भेजा जाता है। घाट की बंदी से आक्रोशित लोग लंबे समय से इसे खुलवाने की मांग कर रहे हैं।


रचना सिंह के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन


शनिवार को बिल्हौर से सपा की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रचना सिंह गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ता स्थानीय विद्यालय मैदान में इकट्ठा हुए। योजना के मुताबिक, कार्यकर्ताओं को अरौल से कोठी घाट तक पदयात्रा करनी थी। लेकिन प्रशासनिक अनुमति न मिलने और धारा 144 लागू होने के कारण अधिकारियों ने कार्यक्रम रोक दिया।


एसडीएम संजीव कुमार दीक्षित, एसीपी अमरनाथ यादव और थाना प्रभारी जनार्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम समाप्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए सपाइयों और पुलिस-प्रशासन के बीच झड़प भी हुई।


ज्ञापन सौंपकर खत्म किया गया धरना


प्रशासन की सख्ती के बाद कार्यकर्ताओं ने बैकफुट लेते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोठी घाट को दोबारा खोले जाने और वहां पक्का निर्माण करवाने की मांग की गई। इसके बाद धरना और प्रस्तावित पदयात्रा समाप्त कर दी गई।


मुकदमा दर्ज


अरौल पुलिस ने बताया कि बिना अनुमति प्रदर्शन और शांति भंग करने के आरोप में 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement
न्यूज़ इंडिया नेटवर्क के साथ जुड़े...