#कानपुर नगर
*कानपुर में कांग्रेस कार्यालय पर बवाल: पीएम मोदी की मां को लेकर विवाद बढ़ा, भाजपाइयों ने घेरा, पुलिस ने संभाला मामला*
*कानपुर ब्यूरो | राजीव वर्मा*
कानपुर, 31 अगस्त।
बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता जी को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित रूप से आपत्तिजनक शब्द कहे जाने का मामला अब कानपुर तक पहुंच गया है। इस मुद्दे पर रविवार को शहर में राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी कार्यालय तिलक हाल का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। देखते ही देखते मौके पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि धक्का-मुक्की शुरू हो गई और एक-दूसरे पर सब्जियां तक फेंकी गईं।
इस बीच कानपुर नगर की महापौर प्रमिला पांडेय और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हर प्रकाश अग्निहोत्री के बीच भी तीखा विवाद हो गया। मंच और परिसर में माहौल गरमाने के साथ कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए और हाथापाई की कोशिशें भी हुईं।
पुलिस की सक्रियता
हालांकि, पुलिस ने पहले से ही संभावित विवाद की आशंका में तिलक हाल के बाहर पर्याप्त बल तैनात किया था। हंगामा बढ़ते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर वापस भेजा।
पुलिस का कहना है कि मौके पर किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है और कोई बड़ी हाथापाई नहीं हुई है।
भाजपा का ऐलान
घटनाक्रम के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। भाजपा युवा मोर्चा ने घोषणा की है कि वे कल फिर से तिलक हाल पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से इस बयान पर माफी की मांग करेंगे। इससे शहर में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
राजनीतिक माहौल गरमाया
दरभंगा से उठे इस विवाद ने अब कानपुर की सियासत को भी पूरी तरह गर्मा दिया है। भाजपा कांग्रेस से माफी की मांग पर अड़ी हुई है, वहीं कांग्रेस इस पूरे प्रकरण को भाजपा की राजनीतिक साजिश बताकर पलटवार कर रही है। फिलहाल पुलिस अलर्ट पर है और कांग्रेस कार्यालय व आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
बाइट - महापौर प्रमिला पांडेय
बाइट - एसीपी कैंट अंजली विश्वकर्मा

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ