#कानपुर नगर
*राष्ट्रीय खेल दिवस पर ग्रीन पार्क में हुआ भव्य आयोजन*
*कानपुर से न्यूज़ इंडिया नेटवर्क ब्यूरो राजीव वर्मा की रिपोर्ट*
कानपुर, 29 अगस्त।
राष्ट्रीय खेल दिवस–2025 के अवसर पर ग्रीन पार्क स्टेडियम में वृहद खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और ग्रीन पार्क हॉकी मैदान में मैत्री मैच की शुरुआत की।
20 खिलाड़ियों को मिला सम्मान
इस अवसर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 बालक और 10 बालिका खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
बालक वर्ग में क्रिकेट के विष्णु सरोज, वॉलीबॉल के इश्प्रीत सिंह, फुटबॉल के अभिनव यादव, हॉकी के विशाल शर्मा, कुश्ती के अतुल दुबे, तैराकी के अनन्य अवस्थी, खो-खो के देवांश गुप्ता, बॉक्सिंग के आदित्य दिवाकर, बैडमिंटन के अनिरुद्ध गौड़ और कबड्डी के सौरभ बाथम शामिल रहे।
बालिका वर्ग में कुश्ती की स्वाती, टेबल टेनिस की प्रेक्षा तिवारी, पावरलिफ्टिंग की रिती कन्नौजिया, ताइक्वांडो की शिवानी नागपाल, जूडो की मनीषा भारद्धाज, क्रिकेट की अर्चना देवी, बास्केटबॉल की अमृता, हैंडबॉल की विशाल्या शर्मा, भारोत्तोलन की सना और बॉक्सिंग की पलक शुक्ला को सम्मानित किया गया।
नेताओं के उद्गार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि “खेल जीवन में उत्कृष्टता लाते हैं और राष्ट्र को नई दिशा देते हैं। मेजर ध्यानचन्द जैसी महान शख्सियतें सदियों में जन्म लेती हैं।”
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि खेल भावना राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सशक्त बनाती है। वहीं सांसद रमेश अवस्थी ने मेजर ध्यानचन्द को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में 1000 से अधिक गोल किए और लगातार तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक भारत को दिलाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। “पहला सुख निरोगी काया” की भारतीय परंपरा राष्ट्रीय खेल दिवस की संकल्पना को सार्थक बनाती है।
फिट इंडिया शपथ
कार्यक्रम में खिलाड़ियों और नागरिकों को फिट इंडिया शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेन्द्र मैथानी, सरोज कुरील, राहुल बच्चा सोनकर, विभिन्न बोर्डों के अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
बाइट - उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ