*कानपुर में गणेश महोत्सव का भव्य आगाज, भक्तों ने गणपति बप्पा मोरया का किया उद्घोष*
*कानपुर से न्यूज़ इंडिया नेटवर्क ब्यूरो राजीव वर्मा की रिपोर्ट*
कानपुर। देशभर की तरह कानपुर में भी सोमवार से गणेश महोत्सव की धूम शुरू हो गई। शहर के घंटाघर चौराहा स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में सुबह पांच बजे से गणेश भगवान का श्रृंगार, आरती और पूजन का कार्यक्रम आरंभ हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कानपुर में गणेश महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1921 में हुई थी। उस वक्त अंग्रेजी शासन में धार्मिक आयोजनों पर रोक थी, लेकिन लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के प्रयासों से यहां इस पर्व की नींव रखी गई। तभी से यह महोत्सव क्रांति और आस्था दोनों का प्रतीक बन गया है।
इस बार 11 दिवसीय महोत्सव 27 अगस्त से 6 सितंबर तक चलेगा। मंदिर प्रांगण में रोजाना सालासर बालाजी का पाठ, खाटू श्याम की आरती, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होगा। महिलाएं हल्दी और कुमकुम से गणपति की विशेष पूजा करती हैं। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर के बाहर भंडारे और प्रसाद वितरण का सिलसिला भी पूरे महोत्सव में जारी रहेगा।
श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में विशेष आस्था रखने वाले शहरवासियों में उत्साह का माहौल है और 11 दिनों तक धार्मिक कार्यक्रमों के साथ शहर में गणपति बप्पा मोरया की गूंज सुनाई देती रहेगी।
बाइट - पंडित रमन त्रिवेदी (पुजारी सिद्धिविनायक मंदिर कानपुर)
बाइट - सुधीर गुप्ता
(मंदिर समिति सलाहकार)

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ