#कानपुर नगर
*कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पीईटी अभ्यर्थियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं, परीक्षार्थियों ने की सराहना*
*न्यूज इंडिया नेटवर्क कानपुर ब्यूरो | राजीव वर्मा*
कानपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) छह और सात सितंबर को जनपद सहित पूरे प्रदेश में आयोजित की जा रही है। परीक्षा में शामिल होने के लिए कानपुर आए हजारों अभ्यर्थियों का मुख्य पड़ाव कानपुर सेंट्रल स्टेशन रहा। बीती रात स्टेशन पर उमड़ी भारी भीड़ के कारण जहां परीक्षार्थियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी, वहीं शुक्रवार को परीक्षा की पहली पाली समाप्त होने के बाद लौटते अभ्यर्थियों ने स्टेशन की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। यह ट्रेनें दो दिन तक चलेंगी, जिससे अभ्यर्थियों को अपने गृह जनपद लौटने में आसानी होगी। सुबह के समय जब परीक्षार्थी पेपर देकर स्टेशन पहुंचे तो उन्हें समय से ट्रेन उपलब्ध मिली और भीड़ भी कल रात की तुलना में नियंत्रित रही।
गोंडा से आए परीक्षार्थी अनुराग दुबे ने बताया कि “पेपर इस बार अपेक्षाकृत आसान रहा। सवाल सीधे पूछे गए थे, जिससे तैयारी करने वालों को ज्यादा कठिनाई नहीं हुई। वहीं, स्टेशन पर भी व्यवस्थाएं अच्छी रहीं। कल रात अव्यवस्था जरूर थी, लेकिन दिन में इंतजाम बेहतर नजर आए।”
अभ्यर्थियों का कहना है कि भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्मों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, स्टेशन पर घोषणाएं लगातार होती रहीं और परीक्षार्थियों के लिए अलग से मदद डेस्क भी बनाई गई। कई विद्यार्थियों ने रेलवे की ओर से समय पर ट्रेनें उपलब्ध कराने के प्रयासों को सराहा।
कुल मिलाकर, कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार को परीक्षार्थियों को यात्रा संबंधी परेशानियों से राहत मिली और उन्होंने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
बाइट - दुष्यंत सिंह (क्षेत्राधिकारी आरपीएफ कानपुर सेंट्रल)
बाइट - अनुराग
दुबे (पेट परीक्षार्थी)

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ